स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुस्लिम वेल्फेयर एसोसिएशन की ओर से परभणी में युवतियों के लिए विशेष मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुस्लिम वेल्फेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सलीम सारंग की प्रमुख उपस्थिति तथा प्रदेश उपाध्यक्ष अजमत खान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवतियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सलीम सारंग ने उपस्थित युवतियों से संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, करियर, भविष्य और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवतियों को शिक्षा के साथ अपने हुनर को पहचानते हुए भविष्य में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार प्रयास करने के लिए भी उन्होंने युवतियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर मिस इंडिया 2026 की फर्स्ट रनर अप प्रियंका कदम ने भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर युवतियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवतियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुंबई विभागीय अध्यक्ष, एकता संस्था तथा उद्यमी सय्यद अली ने भी युवतियों से संवाद किया। उन्होंने युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मेहंदी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली सभी युवतियों को कार्यक्रम के दौरान प्रमाणपत्र वितरित किए गए, जबकि उत्कृष्ट मेहंदी डिजाइन तैयार करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवतियों की रचनात्मकता को मंच देने के साथ-साथ उन्हें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में मुंबई विभागीय अध्यक्ष, एकता संस्था तथा उद्यमी सय्यद अली, मुस्लिम वेल्फेयर एसोसिएशन के विभागीय प्रदेशाध्यक्ष जावेद अत्तार, परभणी डिस्ट्रिक्ट वर्किंग प्रेसिडेंट अनवर खान, महाराष्ट्र उपाध्यक्ष आयशा खान, महिला प्रदेश कार्याध्यक्ष शमीम पठान, ग्रामीण महिला जिलाध्यक्ष शोभा एकर, मुमताज खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा युवतियां उपस्थित रहीं।

मुस्लिम वेल्फेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस पहल ने प्रतिभा, शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और महिला सशक्तिकरण को एक साथ जोड़ते हुए युवतियों को आगे बढ़ने के लिए एक सकारात्मक मंच प्रदान किया।
